- Back to Home »
- Politics »
- हम किसी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेंगे...... दिल्ली सीएम केजरीवाल
Posted by : achhiduniya
12 October 2018
आप पार्टी विधायक की शादी के लिए बठिंडा पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी और किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। पंजाब में लोकसभा की सभी 13 सीटों पर केजरीवाल ने कहा, हम राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर लड़ेंगे, हम किसी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेंगे। उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर हमला बोला और उसके सभी मोर्चों पर असफल रहने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने आरोप लगाया, उन्होंने (अमरिंदर सिंह) ने प्रत्येक परिवार में एक नौकरी देने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि अगर कोई बेरोजगार है तो उसे बेरोजगारी भत्ता मिलेगा।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने, किसानों का कर्ज माफ करने की बात की थी, युवकों से स्मार्टफोन का वादा किया। केवल बड़े-बड़े वादे किए गए और कुछ भी पूरा नहीं हुआ है। पंजाब के लोग उनसे तंग आ गए हैं। केजरीवाल ने कहा कि अमरिंदर सिंह ने राज्य से मादक पदार्थों की समस्या को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन यह अब भी बनी हुई है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर न्यायमूर्ति रंजीत सिंह आयोग की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई करने में नाकाम रहने का भी आरोप लगाया। इससे पहले दिन में केजरीवाल ने बठिंडा (ग्रामीण) से विधायक रूपिंदर कौर रूबी की शादी में भाग लिया। उनके साथ डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी थे।

