- Back to Home »
- Agriculture / Nature »
- कांग्रेस विधानसभा चुनाव के पहले 7 दिनों के अंदर किसान कर्जमाफी के वादे से पलटी....
Posted by : achhiduniya
11 March 2019
लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम से किसानों को मोबाइल पर मैसेज भेजने का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यमंत्री कमलनाथ के हवाले से भेजे जा रहे मोबाइल मैसेज में कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव आचार संहिता के कारण कर्ज माफी की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। चुनाव के बाद शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी। इन संदेशों को पढ़कर किसान एक बार फिर से इसे सरकार द्वारा कर्ज माफी करने के नाम पर अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। कर्ज के बोझ तले दबे इन किसानों को विधानसभा चुनाव के पहले कर्जमाफी का जो सपना दिखाया गया था वो लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान होते ही चकनाचूर कर दिया। 7 दिन के भीतर ही किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने का ढिंढोरा पीटने वाली कांग्रेस सरकार 75 दिन के बाद भी अपने वायदे को पूरा नहीं कर पाई है।
किसानों के आवेदन जमा हो
जाने के बाद चिन्हित किसानों को प्रमाण पत्र तो दे दिए गए, लेकिन बैंकों में पैसा न होने के कारण किसान ठगा
महसूस कर रहे हैं। बैतूल कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 1 लाख 49
हजार किसानों को जय किसान ऋण माफी योजना का लाभ मिलना है। इनमें से कुछ ही किसानों
को प्रमाण पत्र जारी किए जा सके हैं। जिन किसानों को प्रमाण पत्र मिले हैं उनके
बैंक खाते में न तो अब तक राशि आ पाई है और न ही उनका कर्ज माफ हो पाया है। सहकारी बैंकों में किसान संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह बताया जा रहा है कि अभी तक राशि
मुहैया नहीं कराई जा सकी है। जब राशि मिलेगी तब ही कर्ज माफ किया जा सकेगा। जिले
की सहकारी समितियों में भी न तो किसानों की अंश पूंजी बची हुई है और न ही राशि
मौजूद है। ऐसे में वे पुराना कर्ज तो माफ ही नहीं कर पाएंगी और न ही किसानों को
नया कर्ज ही मिल सकेगा।
जिला सहकारी
केन्द्रीय बैंक के अफसरों की मानें तो कुल 96 हजार 854 किसान ऋण माफी के दायरे में
आ रहे थे। इनमें से 87 हजार किसानों ने फॉर्म जमा कराए हैं। 60 हजार किसानों के
कर्ज माफ करने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अब तक
राशि ही उपलब्ध नहीं हो सकी है। कर्ज माफी योजना के पात्र किसानों के पंजीकृत
मोबाइल नंबर पर एचपी-जेकेएमआरवाय के द्वारा भेजे जा रहे मैसेज में संबंधित किसान
को संबोधित करते हुए लिखा गया है कि जय किसान फसल ऋण माफी योजना में आपका आवेदन
मिला है। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण आपकी ऋण माफी नहीं हो पाई है। चुनाव
के बाद शीघ्र स्वीकृति की जावेगी। शुभकामनाएं, आपका कमलनाथ मुख्यमंत्री।


