- Back to Home »
- Politics »
- प्रियंका गांधी वाड्रा की भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद से मुलाक़ात लाएगी नया सियासी भूचाल...
Posted by : achhiduniya
13 March 2019
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मेरठ पहुंचकर
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आज़ाद से मुलाक़ात की। प्रियंका गांधी के साथ
पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। चंद्रशेखऱ से
मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि
इस सरकार ने रोजगार तो दिया नहीं अब आवाज उठाने वालों को कुचला जा रहा है।
प्रियंका ने कहा कि चंद्रशेखर ने जो संघर्ष किया वह काबिले तारीफ है, इसलिए मैं उनसे मिलने के आई हूं। सरकार इतनी
अहंकारी हो गई है कि एक नौजवान को कुचलना चाहती है। चंद्रशेखऱ मजदूरों की आवाज
उठाता है, उसका जोश मुझे पसंद है।
पत्रकारों ने
प्रियंका गांधी से पूछा कि क्या कांग्रेस पार्टी चंद्रशेखर को नगीना से चुनाव
लड़ाएगी? इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि ऐसी कोई
बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें इस
लड़के का जोश पसंद है और देख कर अच्छा लगा कि वह संघर्ष कर रहा है। पत्रकारों ने
जब उनसे पूछा कि क्या आप ऐसे नौजवान को कांग्रेस में लाएंगे तो प्रियंका गांधी ने
कहा कि देखिए आप इस का राजनीतिकरण कर रहे हैं। मैं नहीं कर रही हूं। मैं इस लड़के
का संघर्ष समझ रही हूं। सूत्रों के अनुसार इमरान मसूद की राय पर प्रियंका गांधी
चंद्रशेखर से मिलने पहुंची थीं। भीम आर्मी पश्चिमी यूपी में सबसे मजबूत है।
यहां
के लोग मायावती से बड़ा नेता चंद्रशेखर को मानते हैं। दलित समुदाय के युवा खुदको
चंद्रशेखर से जुड़ा महसूस करते हैं। इसके बाद भीम आर्मी और कांग्रेस के बीच गठबंधन
के कयास लगाए जा रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद को कल बिना
इजाज़त सहारनपुर में रैली निकालने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था। इसके बाद उनकी
तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवबंद में भीम
आर्मी के चंद्रशेखर आजाद सहित 28 नामजद, 150 अज्ञात
लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। देवबंद थाने में पुलिस ने चंद्रशेखर आजाद
पर बिना अनुमति के रैली निकलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।


