- Back to Home »
- Suggestion / Opinion »
- पश्चिम बंगाल की हिंसा पर चुनाव आयोग ने चलाया डंडा....समय से एक दिन पहले ही प्रचार पर रोक...
Posted by : achhiduniya
15 May 2019
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारतीय जनता
पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह के रोडशो के दौरान मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ
था। रोडशो के दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें
बीजेपी के कई समर्थकों के अलावा पत्रकारों को भी चोटें आईं। जगह-जगह पुलिस और
बीजेपी समर्थकों में झड़प भी हुई, जिसके चलते पुलिस ने
लाठीचार्ज भी करना पड़ा। अमित शाह के रोडशो के दौरान ट्रक पर डंडे फेंके जाने से
झड़प शुरू हो गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज भी करना पड़ा। इस
रोडशो में जगह-जगह बीजेपी समर्थकों के साथ टीएमसी और लेफ्ट कार्यकर्ताओं से झड़प
होती रही।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में हुए
विवाद के बाद चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में
चुनाव प्रचार के लिए एक दिन की कटौती की है। चुनाव आयोग ने कहा कि कल (गुरुवार)
रात 10 बजे के बाद पश्चिम बंगाल की 9 लोकसभा सीटों पर कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा।
पहले चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम 5 बजे खत्म किया जाना था। चुनाव आयोग ने ईश्चरचंद
विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। घटना पर ऐक्शन
लेते हुए चुनाव आयोग ने एडीजी (सीआईडी) और राज्य के प्रधान सचिव (गृह) को भी हटा
दिया है।
चुनाव आयोग ने कहा कि शायद यह पहला मौका है जब उन्होंने धारा 324 को इस
तरह से लागू किया है। आयोग ने कहा कि यदि चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाएं फिर
दोहराई गईं तो फिर से सख्त कदम उठाया जाएगा। आर्टिकल 324 के तहत चुनाव आयोग ऐसे
किसी भी मामले में दखल दे सकता है, जिनमें किसी
प्रकार की गड़बड़ी या अस्पष्टता लग रही हो। इस अनुच्छेद के तहत चुनाव आयोग को
स्वतंत्र और निर्विवाद चुनाव कराने के लिए कुछ शक्तियां दी गई हैं। इसके तहत वह
प्रशासन में तैनात अधिकारियों की तैनाती या छुट्टी, प्रचार के समय
की अवधि तय करने, प्रचार के नियमन समेत कई महत्वपूर्ण फैसले
ले सकता है।


