- Back to Home »
- Politics »
- धारा 370 हटाने के फायदे बताने के लिए 370 जगहों पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी....भारतीय जनता पार्टी
Posted by : achhiduniya
21 August 2019
केंद्र सरकार ने छह अगस्त को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को
हटाने का फैसला किया था। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद से ही राज्य में कानून-व्यवस्था
को चाक-चौबंद रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. साथ
ही केंद्र सरकार ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटी में इंटरनेट और
मोबाइल सेवाओं को भी बंद किया था। हालांकि अब कुछ इलाकों में लैंडलाइन सेवाएं बहाल
की गई है। प्रशासन का कहना है कि अगले कुछ दिनों में जरूरत के हिसाब से अन्य जगहों
में भी मोबाइल और इंटरनेट सेवा शुरू की जाएगी। इस बीच खबर आ रही है की भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में जन जागरण और संपर्क अभियान
चलाने का फैसला किया है।
इस कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, वरिष्ठ मंत्री और मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। इस
आयोजन को लेकर आज बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ पार्टी के वरिष्ठ
नेताओं की बैठक हुई। पार्टी इस अभियान के तहत देश भर में 370 जगहों पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस कार्यक्रम
की तैयारी के लिए दो समितियां बनाई गई हैं। जनसंपर्क अभियान की अगुवाई भाजपा नेता
धर्मेंद्र प्रधान करेंगे जबकि जन जागरण अभियान की अगुवाई का जिम्मा गजेंद्र सिंह
शेखावत को दिया गया है। संपर्क अभियान में देश भर में अलग-अलग क्षेत्रों के दो
हजार प्रबुद्ध लोगों से संपर्क कर बताया जाएगा कि अनुच्छेद 370 क्यों हटाया गया और इसका क्या परिणाम होगा। चुने
गए प्रबद्ध लोगों से पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा
भी मिलेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान देश भर में छोटी-छोटी सभाओं का भी आयोजन होगा।
यह सभी कार्यक्रम 1 सितंबर से 30 सितंबर के
बीच आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि जम्मू और
कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा खत्म करने के बाद अब लोगों को अपने रहते पीओके के
भारत में शामिल होने के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने एक बैठक को संबोधित
करते हुए कहा था कि हम खुशकिस्मत हैं कि यह (विशेष दर्जे को रद्द करना) हमारे
जीवनकाल में हुआ। यह हमारी तीन पीढ़ियों के बलिदानों से हुआ है। इस ऐतिहासिक कदम
के बाद, आइए हम पीओके को पाकिस्तान के अवैध कब्जे
से मुक्त करने की सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और इसे संसद में सर्वसम्मति से
पारित प्रस्ताव (1994 में) के अनुसार देश का अभिन्न अंग बनाएं। साथ ही
उन्होंने कहा,हम प्रार्थना करते हैं कि हम देश के साथ
पीओके को देख सकें, लोग मुजफ्फराबाद (पीओके की राजधानी) में
आसानी से जा पाएं।


