- Back to Home »
- Judiciaries »
- चारो निर्दयी दोषियों को निर्भया गैंगरेप केस में 3 मार्च को सुबह 6 बजे दी जाएगी फांसी....
Posted by : achhiduniya
17 February 2020
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि
निर्भया सामूहिक बलात्कार एवं हत्या मामले में चार दोषियों को अलग-अलग फांसी दिए
जाने की मांग करने वाली केंद्र की याचिका का लंबित रहना दोषियों को फांसी के लिए
निचली अदालत द्वारा नयी तारीख जारी करने की राह में आड़े नहीं आएगा। सुप्रीम कोर्ट
ने कहा कि चूंकि दोषियों की कोई याचिका शीर्ष न्यायालय के समक्ष लंबित नहीं है और
उनमें से तीन की दया याचिकाएं राष्ट्रपति द्वारा खारिज की जा चुकी हैं। जबकि चौथे
दोषी ने अब तक दया याचिका देने का विकल्प नहीं चुना है, ऐसे में निचली अदालत फांसी के लिए नयी तारीख जारी कर सकती है।
निर्भया
गैंगरेप केस में दोषियों के खिलाफ तीसरी बार डेथ वॉरंट जारी हुआ है। दिल्ली की
पटियाला हाउस कोर्ट ने चारों दोषियों को 3 मार्च
को सुबह 6 बजे फांसी देने का समय मुकर्रर कर दिया। निर्भया के परिजनों की
ओर से दायर याचिका पर कोर्ट सुनवाई कर रही थी। हालांकि दोषियों के वकील एपी सिंह
का कहना है कि उनके पास अब भी कई कानूनी विकल्प बाकी है। उन्होंने कहा कि यह
मीडिया, राजनेताओं का प्रेशर है, जिसके
कारण फांसी की तारीख आई है।
निर्भया की मां ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि अब 3 मार्च फाइनल होगा और गुनहगारों को फांसी दे दी जाएगी। इससे
पहले सोमवार को सुनवाई के दौरान पता चला कि दोषी मुकेश की वकील वृंदा ग्रोवर
छुट्टी पर थीं, जिसके बाद कोर्ट ने रवि काजी को मुकेश की पैरवी
करने की इजाजत दे दी।


