- Back to Home »
- Job / Education »
- ट्रान्सजेंडरों की होगी पुलिस में तैनाती जारी हुआ नोटिफिकेशन...
Posted by : achhiduniya
16 January 2021
बिहार सरकार ने ट्रान्सजेंडरों की सरकारी सेवा में नियुक्ति और शौक्षणिक संस्थाओं में आरक्षण का आदेश साल 2014 में ही जारी कर दिया था,लेकिन पुलिस सेवा में ट्रान्सजेंडरों की नियुक्ति का रास्ता साफ नहीं हो सका था। साल 2021 में ट्रान्सजेंडरों के सिपाही और पुलिस अवर निरीक्षक पद पर अब ट्रान्सजेंडरों की नियुक्ति की जा सकेगी। गृह विभाग की ओर से बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव
आमिर सुब्हानी के नाम से इस संदर्भ में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। बिहार पुलिस में अभी एक लाख 30 हजार 243 पद सृजित हैं। नियम के मुताबिक 51 पद पर ट्रान्सजेंडरों की नियुक्ति होनी चाहिए। यानी 2550 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी पर एक ट्रान्सजेंडर कर्मी होना चाहिए। जिसमें सिपाही के 41 और दारोगा के 10 पद हो सकते हैं। फिलहाल ऐसी व्यवस्था नहीं थी,लेकिन अब जल्द ही व्यवस्था बदल जाएगी। जानकारी के अनुसार, 2011 की जनगणना के मुताबिक बिहार की कुल जनसंख्या 10 करोड़ 41 लाख थी, जिसमें ट्रान्सजेंडरों की संख्या 40 हजार 827 थी। जो प्रत्येक एक लाख में 39 है। सरकार ट्रान्सजेंडरो का एक बटालियन भी तैयार करना चाहती थी,लेकिन संख्या बल कम होने के कारण ट्रान्सजेंडरों का बटालियन तैयार करना संभव नही हैं। एक बटालियन में कम से कम 1 हजार कर्मियों की आवश्यकता होती है। इतनी बड़ी तादाद में योग्य अभ्यर्थी राज्य में मिलना संभव नहीं है। इसलिए सरकार ने ट्रान्सजेंडर के बटालियन का फैसला टाल दिया है। ट्रान्सजेंडरों का शारीरिक मापदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा महिला अभ्यर्थियों के समान ही होंगे। ट्रान्स्जेंडर अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र सीमा सामान्य विज्ञापन अनुसार होगी,लेकिन अधिकतम उम्र सीमा एससी-एसटी कोटे के अनुरुप छूट आधारित होगी। अभ्यर्थियों को राज्य के मूल निवासी होने के प्रमाण पत्र के साथ सक्षम प्राधिकार से ट्रान्सजेंडर का सर्टिफिकेट उपलब्ध कराना होगा। सिपाही की बहाली के लिए केन्द्रीय चयन परिषद और दारोगा की बहाली के लिए पुलिस अवर सेवा आयोग से नियुक्ति की जाएगी। बिहार पुलिस में ट्रान्सजेंडरों की सीधी नियुक्ति की जाएगी। सिपाही वर्ग की नियुक्ति के लिए एसपी स्तर के अधिकारी सक्षम होंगे। वहीं, दारोगा स्तर पर नियुक्ति के लिए डीआईजी स्तर के अधिकारी सक्षम होंगे। दोनों पदों पर नियुक्ति के लिए आनेवाले समय में जो भी विज्ञापन निकाले जाएंगे उसमें 5 सौ पदों में एक पद ट्रान्सजेंडर के लिए आरक्षित रहेगा। ट्रान्सजेंडर पद के लिए अलग से विज्ञापन निकाला जाएगा।



