- Back to Home »
- Suggestion / Opinion »
- 6 फरवरी को देशभर की मुख्य सड़कों पर किसान करेंगे चक्का जाम....
Posted by : achhiduniya
02 February 2021
कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े किसान पिछले 68 दिन
से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं। किसान संगठनों और सरकार के बीच 11 दौर की बातचीत बेनतीजा रही
है। 11वीं बैठक में सरकार की तरफ से नए कृषि कानूनों को एक से डेढ़ साल तक स्थगित
करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन किसान न्यूनतम समर्थन
मूल्य (एमएसपी) की लिखित गारंटी और इन कानूनों को वापस लेने की मांग पर अडिग हैं।
आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि 26 जनवरी को लालकिले पर हुई घटना में इनके लोग
नहीं थे, बल्कि बाहर से आए लोग थे जो घटना को अंजाम देने के बाद कहां चले
गए, किसी को पता नहीं है। वे बाहरी लोग किसानों को बदनाम करने के
लिए आए थे और पहले से इसकी साजिश रची गई थी। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की
सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सोमवार को सिंघु बॉर्डर के नजदीक बैठक की, जिसमें 5 से 6 मुद्दों पर चर्चा की गई और कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
उन्होंने कहा कि युवा किसानों को परेशान किया जा रहा है, उन्हें पीटा जा रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा ने पुलिस पर आरोप
लगाया कि प्रदर्शन में आए नौजवानों को परेशान किया जा रहा है, बेवजह उनकी पिटाई और गिरफ्तारी की की जा रही है। मोर्चा के
अनुसार, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के बाद से किसानों के कई ट्रैक्टरों, वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही बॉर्डर के आसपास की जगहों
को पूरी तरह ब्लॉक किया जा रहा है। धरना स्थल पर बिजली, पानी की आपूर्ति और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। संयुक्त
किसान मोर्चा ने कहा कि 6 फरवरी को किसान 3 घंटे के लिए राष्ट्रीय और राज्य
मार्गों पर चक्का जाम करेंगे। सोमवार देर शाम हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेस में किसान नेताओं
ने कहा कि सारे देश में फरवरी की छह तारीख को 12 बजे से 3 बजे तक राष्ट्रीय और
राज्य मार्गों तीन घंटे के लिए चक्का जाम करेंगे।


