- Back to Home »
- Politics »
- 2019 लोकसभा चुनाव फतेह करने के लिए भाजपा की साइबर सेना तैयार.....
Posted by : achhiduniya
15 July 2018
भारतीय जनता पार्टी ने समाज के हर तबके और हर उम्र के लोगों के बीच अपने आधार को मजबूती बढ़ाने के लिये शक्ति केंद्रों की स्थापना की है। इन शक्ति केन्द्रों के प्रमुखों के ज़िम्मे पांच से सात बूथ हैं। पार्टी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिये सरकार की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दे रही है। भाजपा ने नमो एप से बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़ने की पहल की है। कॉलेजों एवं विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में अभियान चलाकर इससे युवाओं को जोड़ने की सेल्फी विद कैम्पस योजना बनाई गई है। कई प्रदेशों में चलो पंचायत कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। वही अगले साल होने जा रहे लोकसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सूचना प्रौद्योगिकी प्लेटफार्म और सोशल मीडिया पर विपक्ष के हमले का जवाब देने के लिए नाकाबंदी शुरू कर दी है। पार्टी की साइबर सेना हर मतदान केंद्र पर पांच लोगों तक पहुंच बनाकर विपक्ष के दुष्प्रचार के खिलाफ भाजपा की उपलब्धियों की तथ्यात्मक तस्वीर पेश करेगी। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि आज के सूचना क्रांति के युग में सूचना प्रौद्योगिकी प्लेटफार्म, सोशल मीडिया का प्रभाव किसी से छिपा नहीं है।
आने वाले चुनाव में काफी संख्या में युवा पहली बार वोट डालेंगे। देश के दूरदराज के क्षेत्रों में भी लोग सोशल मीडिया से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, ऐसे में पार्टी दूरदराज के क्षेत्रों में सूचना प्रौद्योगकी प्लेटफार्म के जरिये जन जन तक सरकार के कार्यों की सही तस्वीर पेश करेगी। भाजपा की साइबर सेना विपक्षी दलों के आरोपों का जबाव देने के लिए विशेष रूप से काम कर रही है। पार्टी के साइबर कार्यकर्ताओं से बड़े नेताओं के रूख का प्रचार सोशल मीडिया के माध्यम से करने को कहा गया है। इसके लिये पार्टी सोशल मीडिया पर काम करने के लिए बड़ी टीम तैयार की जा रही है। इस सिलसिले में स्वयं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपनी देशव्यापी यात्रा के दौरान हर प्रदेश में पार्टी के आईटी प्रकोष्ट के लोगों एवं कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। कुछ समय पहले अमित शाह ने 300 ऐसे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था जिन्हें सोशल मीडिया पर 10 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा जनता के हित में उठाये गए कदमों की सूचना फैलाने की सलाह दी है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया की भूमिका के महत्व को देखते हुए अपनी रणनीति के तहत भाजपा ने क्षेत्रवार साइबर विशेषज्ञों की टीम तैयार की है और इसका विस्तार किया जा रहा है।