- Back to Home »
- Discussion »
- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हार्दिक पटेल को भेजी गई राखी के क्या है राजनैतिक मायने.....?
Posted by : achhiduniya
27 August 2018
गुजरात में पाटीदार समाज के लिए आरक्षण की मांग के लिए हार्दिक पटेल ने आंदोलन किया था। इस आंदोलन के माध्यम से हार्दिक ने खुद को मोदी विरोधी बताते हुए पूरे देश में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। हार्दिक पटेल आरक्षण की मांग के साथ-साथ किसानों की कर्ज माफी की भी मांग कर रहे हैं। आरक्षण की मांग पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर अपने आवास पर बैठे हार्दिक पटेल को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रक्षाबंधन पर राखी भिजवाई थी। रविवार को टीएमसी सांसद और पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने हार्दिक पटेल से मुलाकात कर उनको यह राखी सौंपी।
ममता बनर्जी के राखी भेजने पर खुशी जताते हुए हार्दिक ने ट्वीट किया, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार पर राखी भेजी। दीदी की राखी लेकर पश्चिम बंगाल के सांसद दिनेश त्रिवेदी उपवास आंदोलन की छावनी पर उपस्थिति रहे। भाजपा की तानाशाही देख वो स्तब्ध हो गए। हार्दिक पटेल के उपवास को लेकर उनके आवास के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी को उनके गृह राज्य गुजरात में कड़ी टक्कर देने के लिए ममता बनर्जी हार्दिक को समर्थन दे रही हैं।
ममता के हार्दिक के लिए राखी भेजे जाने को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए हार्दिक पटेल इससे पहले एक बयान में कह चुके हैं,मुझे लगता है कि इंदिरा गांधी के बाद ममता बनर्जी ही हैं, जो देश का नेतृत्व कर सकती हैं। 2019 आम चुनाव में बीजेपी के विजय रथ को रोकने के लिए ममता बनर्जी विपक्षी दलों को एकजुट करने का काम कर रही हैं।


