- Back to Home »
- National News »
- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मोदी सरकार दे सकती है बड़ी सौगात....
Posted by : achhiduniya
12 August 2018
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 32 करोड़ से अधिक जनधन खाताधारकों के लिए विभिन्न लाभों की घोषणा कर सकते हैं। इसमें जनधन पार्ट 2 का ऐलान भी संभव है। सरकार 2015-16 में घोषित अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के तहत पेंशन की अधिकतम सीमा बढ़ाकर 10,000 रुपये मासिक कर सकती है। फिलहाल यह सीमा 5,000 रुपये है। एपीवाई के तहत योगदान राशि के आधार पर अंशधारक 60 साल पूरा होने पर 1,000 रुपये 5,000 रुपये तक पेंशन ले सकते हैं। सरकार आकर्षक सूक्ष्म बीमा योजना की घोषणा कर सकती है। रूपे कार्डधारकों के लिए मुफ्त दुर्घटना बीमा एक लाख रुपये से बढ़ाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना (पीएमजेडीवाई) के तहत खाताधारकों के लिए ओवरड्राफ्ट सुविधा दोगुनी कर 10,000 रुपये किया जा सकता है। यह सरकार के उन लोगों को कोष उपलब्ध कराने का प्रयास है, जो इससे वंचित हैं। वित्तीय समावेश का प्रमुख कार्यक्रम पीएमजेडीवाई की शुरुआत अगस्त 2014 को की गई। पहला चरण 14 अगस्त 2015 को पूरा हुआ और इसमें मूल बैंक खाता तथा रूपे डेबिट कार्ड पर जोर दिया गया। पिछले 4 साल में 32.25 करोड़ जनधन खाते खोले गए। इन खातों में 80,674.82 करोड़ रुपए जमा हैं। प्रधानमंत्री का स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संबोधन इस प्रकार की घोषणा के लिए बेहतर मंच है।

