- Back to Home »
- Politics »
- पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरुदास कामत के निघन पर शोकाकुल कांग्रेस पार्टी....
Posted by : achhiduniya
22 August 2018
गुरुदास कामत कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य थे और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव भी रह चुके हैं। वर्ष 2014 तक वह नॉर्थ वेस्ट मुंबई से सांसद भी थे। कामत को कांग्रेस ने गुजरात, राजस्थान, दादरा एवं नगर हवेली, दमन-दीव का प्रभार भी सौंपा था, लेकिन वर्ष 2017 में उन्होंने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित प्राइमस अस्पताल पहुंचीं, जहां बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत का देहावसान हुआ। पूर्व केन्द्रीय मंत्री को बुधवार तड़के ही दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनका निधन हो गया।
कामत 2009 में उत्तर-पश्चिम मुंबई संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य रहे। वह 1984, 1991, 1998 और 2004 में भी उत्तर-पूर्व मुंबई संसदीय सीट से चुनकर लोकसभा पहुंचे थे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने शोक संदेश में लिखा, श्री गुरुदास कामत के अचानक और असामयिक निधन से मैं सकते में और दुखी हूं। मेरी संवदेनाएं उनके परिवार के सभी सदस्यों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता गुरुदास कामत के अचानक निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे जिन्होंने गृह मंत्रालय में राज्यमंत्री के तौर पर अपनी सेवा दी थी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा,कांग्रेस नेता श्री गुरुदास कामत जी के अचानक निधन की सूचना पाकर बहुत आहत और दुखी हूं। इस क्षति को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। दिवंगत की आत्मा को शांति मिले। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कामत के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। राहुल ने ट्वीट किया, वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत जी का असामयिक निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ा आघात है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने ट्वीट किया,श्री गुरुदास कामत के अचानक और असामयिक निधन से शोकाकुल हूं। सरकार और पार्टी में वर्षों तक वह सहकर्मी रहे, इस अवस्था में उनका जाना दुखदाई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी श्रद्धांजलि दी,प्रधान मंत्री मोदी ने दुख जताया।



