- Back to Home »
- National News »
- पीएम नरेंद्र मोदी ने की जनता से अपील जिम्मेदार नागरिक बने सोशल मीडिया पर गंदगी न फैलाए.....
Posted by : achhiduniya
29 August 2018
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में सभी का कर्तव्य है कि वे प्रौद्योगिकी प्लेटफार्म का इस्तेमाल गंदगी फैलाने के लिये नहीं करने का संकल्प लें। वाराणसी में पार्टी के विभिन्न विभागों के कार्यकर्ताओं के साथ नरेंद्र मोदी एप के माध्यम से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, सोशल मीडिया पर कभी कभी लोग मर्यादाएं भूल जाते हैं। किसी भी झूठी बात को सुना और उसे शेयर कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार तो उसे सुनते भी नहीं हैं। कई लोग ऐसे ऐसे शब्दों का प्रयोग करते हैं जो सभ्य समाज में अस्वीकार्य है, शोभा नहीं देता है। महिलाओं के खिलाफ भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। मोदी ने कहा, यह किसी राजनीतिक दल की बात नहीं है। यह सवा सौ करोड़ लोगों का विषय है। ऐसे में हम संकल्प लें कि इस सोशल प्रौद्योगिकी प्लेटफार्म का उपयोग कभी भी गंदगी फैलाने के लिये नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान दिमागी स्वच्छता से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा, मोहल्ले में तू-तू मैं-मैं हर देश में होती होगी।
पहले कभी गांव में किसी को भनक तक नहीं लगती थी। मैं तो कभी-कभी हैरान हो जाता हूं कि आज दो पड़ोसियों की लड़ाई को भी सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जाता है और वह नेशनल न्यूज बन जाती है। अच्छी एवं सकारात्मक खबरों के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कोशिश होनी चाहिए कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक चीजों के लिए किया जाए। हमारे पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा था कि देश में सकारात्मक खबरों का माहौल तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नकारात्मक खबरों से लोगों में निराशा का भाव उत्पन्न होता है। जब प्रकाश फैलेगा तब निराशा के लिये कोई जगह नहीं होगी।

