- Back to Home »
- National News »
- कमजोर नींव पर मजबूत इमारत का निर्माण नहीं हो सकता......पीएम मोदी
Posted by : achhiduniya
11 September 2018
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में टीकाकरण अभियान इस समय तेज गति से चल रहा है। इस अभियान में देश बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों को शामिल करना बेहद जरूरी है। देश की हजारों आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश में पोषण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर पूरा ध्यान देते हुए काम कर रही है। मोदी ने कहा मैं गर्भवती महिलाओं का निशुल्क इलाज करने वाले डॉक्टरों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि कमजोर नींव पर मजबूत इमारत का निर्माण नहीं हो सकता। इसी प्रकार यदि देश का बचपन कमजोर रहेगा तो उसके विकास की गति धीमी हो जाएगी।
पीएम मोदी ने आशा और आंगनबाड़ी वर्करों से कहा स्वस्थ और सक्षम भारत के निर्माण में आप सभी की शक्ति पर मुझे, पूरे देश को पूरा भरोसा है। हमें मिलकर कुपोषण के खिलाफ, गंदगी के खिलाफ, मातृत्व की समस्याओं के खिलाफ सफलता हासिल होगी। तभी ट्रिपल A की हमारी ये ताकत देश को A ग्रेड में रखेगी, शीर्ष पर रखेगी। देश में काफी संख्या में लोग एनीमिया के शिकार हैं। पिछले कुछ वर्षों में आयोडीन युक्त नमक का उपयोग बढ़ा है। अब आप सभी कार्यकर्ताओं को आयोडीन और आयरन युक्त डबल फोर्टिफाइड नमक के इस्तेमाल के लिए लोगों को और जागरूक करना पड़ेगा ताकि एनीमिया जैसी बीमारियों को दूर किया जा सके।

