- Back to Home »
- Politics »
- भाजपा मेकिंग इंडिया में लगी है तो कांग्रेस ब्रेकिंग इंडिया में जुटी है.....अमित शाह
Posted by : achhiduniya
11 September 2018
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी बैठक के बाद पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने संवाददाताओं को बताया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने भाषण में केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लायी गयी जन-कल्याणकारी योजनाओं समेत करीब 15 विषयों पर विस्तृत चर्चा की। शाह ने अपने संबोधन के दौरान संसद के पिछले सत्र में सरकार के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को हताशा में उठाया गया कदम करार दिया। अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर विपक्ष की आलोचना के बीच भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अर्थव्यवस्था को लेकर पी.चिदंबरम एंड कंपनी द्वारा फैलाई जा रही भ्रांतियों को तथ्यों के आधार पर चुनौती दें। शाह ने कहा, भाजपा इंडिया को बनाने का काम कर रही है।
भाजपा मेकिंग इंडिया के लिये प्रयासरत है जबकि कांग्रेस ब्रेकिंग इंडिया में जुटी है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की पहचान ब्रेकिंग इंडिया समूहों के साथ होती है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था की स्थिति आज काफी बेहतर है तथा फ्रांस को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सरकार की आर्थिक समावेशीकरण की पहल के तहत योजनाओं का लाभ गरीब, ओबीसी, महिलाओं, युवाओं समेत समाज के सभी वर्गो को मिल रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने किसानों को समर्थन मूल्य में वृद्धि एवं सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का जिक्र किया। उन्होंने आर्थिक सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि 3 लाख फर्जी कंपनियों को समाप्त किया गया है। जिससे कालाधन पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय नागरिक पंजी का जिक्र करते हुए जोर दिया कि किसी भी घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने संसद में 2016 में पेश नागरिकता संशोधन विधेयक का भी जिक्र किया।

