- Back to Home »
- National News »
- भारत और बुल्गारिया ने असैन्य परमाणु सहयोग सहित चार विषयों से जुड़े समझौतों पर दस्तखत किए....
Posted by : achhiduniya
05 September 2018
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद यूरोप के तीन देशों की अपनी आठ दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार को साइप्रस से बुल्गारिया पहुंचे। उनकी यात्रा का मकसद इन यूरोपीय देशों से भारत के उच्च-स्तरीय संबंधों को मजबूत करना है। कोविंद ने बुल्गारिया को रक्षा क्षेत्र में भारत का प्रमुख साझेदार बनने के लिए आमंत्रित किया। कोविंद और उनके बुल्गारियाई समकक्ष रूमेन रादेव के बीच हुई बातचीत में भारत और बुल्गारिया ने बुधवार को असैन्य परमाणु सहयोग सहित चार विषयों से जुड़े समझौतों पर दस्तखत किए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति ने रादेव से विस्तृत वार्ता की।
बाद में दोनों नेताओं की मौजूदगी में अधिकारियों ने निवेश, पर्यटन, असैन्य परमाणु सहयोग एवं सोफिया यूनिवर्सिटी में हिंदी पीठ की स्थापना से जुड़े कुल चार समझौतों पर दस्तखत किए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सहयोग बढ़ाने के लिए एक सहयोग कार्यक्रम पर भी दस्तखत किए गए। प्रवक्ता ने कहा कि कोविंद ने बुल्गारिया को मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत रक्षा क्षेत्र, आईटी क्षेत्र में भारत का प्रमुख साझेदार बनने के लिए भी आमंत्रित किया। कोविंद ने बुल्गारिया में रहने वाले भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच का पुल करार दिया और भारत की परिवर्तनकारी यात्रा में इस समुदाय की भागीदारी का स्वागत किया।

