- Back to Home »
- Suggestion / Opinion »
- उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद...राहुल गांधी,प्रियंका गांधी वाड्रा आए पी चिदंबरम के बचाव में
उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद...राहुल गांधी,प्रियंका गांधी वाड्रा आए पी चिदंबरम के बचाव में
Posted by : achhiduniya
21 August 2019
आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की
अग्रिम जमानत याचिका उच्च न्यायालय से खारिज होने के बाद सीबीआई द्वारा उनकी तलाश
किए जाने की पृष्ठभूमि में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के
कई वरिष्ठ नेताओं ने चिदंबरम के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए दावा किया कि
नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता का दुरुपयोग करके पूर्व वित्त मंत्री का चरित्रहनन कर
रही है। दूसरी तरफ, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद
और अभिषेक मनु सिंघवी चिदंबरम की कानूनी रूप से पैरवी में लगे हुए हैं। राहुल
गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार चिदंबरम का चरित्रहनन करने के लिए
प्रवर्तन निदेशालय, सीबीआई और बिना रीढ़ वाले मीडिया का
इस्तेमाल कर रही है।
तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप
लगाया कि सरकार शर्मनाक तरीके से चिदंबरम के पीछे पड़ी है क्योंकि वह बेहिचक सच
बोलते हैं और सरकार की नाकामियों को सामने लाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह
चिदंबरम के साथ खड़ी हैं और सच के लिए लड़ाई जारी रखी जायेगी। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता
रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा,भारत अब तक की, बदले की सबसे खराब राजनीति का गवाह बन रहा है। यह
मोदी सरकार द्वारा किया जा रहा है। न्यायाधीश ने फैसला 7 महीने के लिए सुरक्षित
रखा था और सेवानिवृत्ति से 72 घंटे पहले फैसला सुना भी दिया। इसके बाद सीबीआई और
ईडी को छापा मारने के लिए भेज दिया गया। क्या यह बनाना रिपब्लिक है? कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने मंगलवार
को संवाददाताओं से कहा,विरोधियों को चुनकर निशाना बनाया जा रहा
है। यह इस सरकार की कार्यशैली बन गयी है। शर्मा ने दावा किया, सिर्फ विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।
क्या
भाजपा में केवल साधु-संत हैं? कई ऐसे नेता
हैं जो हमारी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस या किसी अन्य विरोधी
पार्टी में रहते हुए जांच के घेरे में थे,लेकिन भाजपा
में शामिल होते ही वह संत हो गए और उनके खिलाफ जांच बंद हो गयी। कांग्रेस नेआधिकारिक
तौर पर ट्विटर पर ट्वीट करते हुए उनका समर्थन किया है। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर
निशाना साधते हुए कहा है कि सच तलाशने की उनकी इस मुहिम में हम उनके साथ खड़े हैं
फिर चाहे जो हो जाए। कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा, ऐसी सरकार जो
सच बोलने पर अपने नागरिकों पर अत्याचार करती है,वह वास्तव
में ऐसा करके बार-बार अपने कायरतापूर्ण रवैये को प्रदर्शित करती है। पी चिदंबरम बेहद काबिल और सम्मानित नेता हैं, उन्होंने पूर्ण समर्पण और विनम्रता से देश की
सेवा की है। सच तलाशने की उनकी इस मुहिम में हम उनके साथ खड़े हैं फिर चाहे जो हो
जाए।


