- Back to Home »
- Politics »
- सीएम फडणवीस ने किया राकांपा सुप्रीमो शरद पवार पर कटाक्ष...
Posted by : achhiduniya
15 September 2019
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पुणे जिले में कई तहसील का दौरा किया। महाजनादेश यात्रा में विशाल जनसमर्थन को देखते हुए उन्हें उम्मीद है कि बीजेपी को आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत हासिल होगी। फडणवीस ने कहा कि अब तक 3,000 किलोमीटर की यात्रा हुई है और वह राज्य के 288 विधानसभा क्षेत्रों में से 100 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे हैं। महाजनादेश यात्रा के तीसरी चरण की यात्रा है। बारामती क्षेत्र में राकांपा कार्यकर्ताओं के विरोध पर टिप्पणी करते हुए फडणवीस ने कहा कि शरद पवार के गढ़ में क्या अनुच्छेद 370 लगा हुआ है जो कोई दूसरी पार्टी यहां रैली नहीं कर सकती।
उनकी यह टिप्पणी उस समय आई जब
संवददाताओ ने उनसे राकांपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस
द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के बारे में सवाल किया। दरअसल राकांपा कार्यकर्ताओं
ने फडणवीस के अभियान के दौरान नारे लगाए थे। हालांकि पुलिस ने पहले लाठीचार्ज का
इस्तेमाल करने से इनकार किया. फडणवीस ने कहा,मेरा पहला
सवाल विरोध को लेकर यह है कि वहां कितने लोग थे। वहां सिर्फ सात लोग थे और क्या
पुलिस को सात लोगों के लिए लाठीचार्ज करने की जरूरत है? उन्होंने कहा, समस्या क्या
है। हम लोकतंत्र में रह रहे हैं और यहां एक लोकतांत्रिक प्रणाली है। सभी लोगों को
सभाएं करने का अधिकार है और लेकिन यह क्या है कि मुख्यमंत्री को राकांपा क्षेत्र
में नहीं आना चाहिए और सभा नहीं करनी चाहिए। उनसे जब यात्रा वाले रास्तों में बड़े-बड़े
हॉर्डिंग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कार्यकर्ताओं को
लगता है कि इस तरह का बैनर लगाने से उन्हें टिकट मिलेगा तो ऐसा नहीं है।

