- Back to Home »
- International News »
- परमाणु हमले व युद्ध की गिदड़ भभ्की देने वाला पाकिस्तान हटा पीछे कही यह बात.....
Posted by : achhiduniya
02 September 2019
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को कहा कि उनका देश कभी भी भारत के साथ युद्ध शुरू नहीं करेगा। इमरान खान ने गवर्नर हाउस में जुटे सिख समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, हम कभी भी युद्ध शुरू नहीं करेंगे। पाकिस्तान और भारत दोनों परमाणु शक्तियां हैं और अगर तनाव बढ़ा तो दुनिया खतरे का सामना करेगी। इमरान खान ने कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा, मैं भारत को बताना चाहता हूं कि युद्ध किसी समस्या का हल नहीं है। युद्ध में जीतने वाले को भी बहुत कुछ गंवाना पड़ता है। युद्ध कई अन्य मुद्दों को जन्म देता है। इस दौरान इमरान ने कहा कि पाकिस्तान कभी भी पहले परमाणु बम का इस्तेमाल नहीं करेगा। भारत और पाक के बीच हाल में तनाव उस वक्त फिर बढ़ गया जब भारत ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को रद्द कर दिया।
इस पर प्रतिक्रिया स्वरूप पाकिस्तान ने भारत के साथ
अपने कूटनीतिक संबंधों का दर्जा कम कर दिया और भारतीय उच्चायुक्त को निष्कासित कर
दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूर्व में हुई अपनी टेलीफोन वार्ता का
हवाला देते हुए खान ने कहा, मैंने उन्हें बताया कि भारत और पाकिस्तान
दोनों जगह एक जैसे हालात हैं। मैंने उन्हें जलवायु परिवर्तन के बारे में बताया। हम
एक विस्फोटक स्थिति का सामना कर रहे हैं। अगर हमने इस समस्या (जलवायु परिवर्तन) का
हल नहीं किया तो (दोनों देशों में) पानी की कमी होगी। मैंने उन्हें बताया कि हम एक
साथ कश्मीर मुद्दे का हल वार्ता के जरिये कर सकते हैं। पाकिस्तान के साथ वार्ता को
लेकर भारत की तरफ से उनके प्रयासों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर हताशा जाहिर करते हुए खान ने कहा, मैं जो भी प्रयास करता हूं, भारत एक महाशक्ति की तरह व्यवहार करता है और हमसे
(वार्ता के लिये) ऐसा करने और वैसा नहीं करने को कहता है। वह हमें आदेश देता है।

