- Back to Home »
- International News »
- एक कुत्ते और कायर की तरह मारा गया क्रूर संगठन इस्लामिक स्टेट का आतंकवादी सरगना अबू बक्र अल बगदादी....अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
एक कुत्ते और कायर की तरह मारा गया क्रूर संगठन इस्लामिक स्टेट का आतंकवादी सरगना अबू बक्र अल बगदादी....अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
Posted by : achhiduniya
28 October 2019
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा में कहा कि क्रूर संगठन इस्लामिक स्टेट का सरगना और दुनिया का नंबर एक आतंकवादी बगदादी एक कुत्ते और कायर की तरह' मारा गया। उन्होंने व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन के दौरान बगदादी की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका के के..9 स्वान दस्ते ने एक तरफ से बंद सुरंग में आईएस सरगना का पीछा किया और जब उसके पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा तो उसने आत्मघाती जैकेट में विस्फोट करके खुद को और तीन को उड़ा लिया। वह अपने जीवन के अंतिम क्षणों में वह रोया, चीखा-चिल्लाया। ट्रंप ने कहा, वह एक तरफ से बंद सुरंग में भागते हुए गया। इस दौरान वह पूरे समय रोता और चिल्लाता रहा। जिसने दूसरों के मन में डर पैदा किया, उसके जीवन के अंतिम क्षण अमेरिकी सेना के खौफ में बीते।
उन्होंने कहा कि अभियान में एक भी अमेरिकी सैनिक हताहत नहीं हुआ, लेकिन बगदादी के कई समर्थक मारे गए और कई को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि उसके पास से बेहद संवेदनशील सामग्री और जानकारी मिली है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति माइक पेंस और शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ व्हाइट हाउस से अभियान का सीधा प्रसारण देखा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कमांडों ने परिसर की दीवार को धमाका करके उड़ा दिया। विस्फोट ने बगदादी के शरीर को क्षत-विक्षत कर दिया, लेकिन डीएनए जांच में उसकी पहचान की पुष्टि हो गई। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के विशेष अभियान बलों ने रात के समय साहसिक और जोखिम भरे अभियान को शानदार ढंग से अंजाम दिया।
उन्होंने कहा, अमेरिका ने दुनिया के नंबर एक आतंकी सरगना को मार गिराया। अबू बक्र अल बगदादी मर चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, वह आईएसआईएस का संस्थापक और नेता था जो दुनिया का सबसे क्रूर और हिंसक आतंकी संगठन है। अमेरिका कई वर्षों से बगदादी की तलाश कर रहा था। बगदादी को पकड़ना या मारना मेरे प्रशासन की राष्ट्रीय सुरक्षा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही।


