- Back to Home »
- Sports »
- ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया भारतीय टीम ने..
Posted by : achhiduniya
19 January 2020
टीम इंडिया ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में
ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हरा दिया। 287
रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 47.3 ओवर में 3 विकेट गंवाकर
आसानी से जीत दर्ज की। रोहित शर्मा ने 119 रनों की पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द
मैच चुना गया। वहीं विराट कोहली को तीन मैचों में दो अर्धशतक लगाने के लिए मैन ऑफ
द सीरीज चुना गया। पहले दो मैचों में 10 और 42 रन ही बना सके रोहित ने लय में
लौटते हुए 128 गेंद में 119 रन बनाये। इसमें आठ चौके और छह छक्के शामिल थे। इसके
साथ ही उन्होंने एक दिवसीय क्रिकेट में 9000 रन भी पूरे कर लिये।
वहीं कप्तान
कोहली ने लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 91 गेंद में आठ चौकों की मदद से
89 रन बनाये। श्रेयस अय्यर 35 गेंद में छह चौकों और एक छक्के के साथ 44 रन बनाकर
नाबाद रहे। मनीष पांडे ने 48वें ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर जोश हेजलवुड को चौका
लगाकर भारत को जीत दिलाई। इससे पहले आस्ट्रेलिया के लिये स्मिथ ने 132 गेंद में
131 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका। उनके अलावा मार्नस
लाबुशेन ने 64 गेंद में 54 रन बनाये।
इससे पहले स्टीव स्मिथ के 9वें वनडे शतक के
बावजूद भारत ने आखिरी दस ओवर में शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट पर
286 रन पर रोक दिया। जवाब में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की आसान पिच पर 15 गेंद बाकी
रहते जीत दर्ज की। फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (19) के जल्दी आउट होने के बाद
रोहित और कोहली ने दूसरे विकेट के लिये 137 रन की साझेदारी करके भारत की जीत तय
की। ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान शिखर धवन के चोटिल होने के कारण राहुल ने रोहित के
साथ पारी का आगाज किया।


