- Back to Home »
- Discussion »
- कृषि कानूनों पर अडाणी का नाम उछालने पर ग्रुप ने दी सफाई....?
Posted by : achhiduniya
11 December 2020
किसानों के विरोध प्रदर्शनों में अपना नाम गूंजने के बीच अडाणी समूह ने कहा है कि वह न तो किसानों से खाद्यान्न खरीदती है और न ही खाद्यान्न का मूल्य तय करती है। बंदरगाह से लेकर ऊर्जा कारोबार से जुड़े इस व्यापार से जुड़ी कंपनी ने कहा कि वह केवल भारतीय खाद्य निगम {FCI}के लिए अनाज भंडारण के साइलो विकसित करती है और उनका संचालित करती है। अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किए गए एक बयान में उसने कहा,कंपनी के पास भंडारण की मात्रा तय करने और अनाज के मूल्य निर्धारण करने में कोई भूमिका
नहीं है क्योंकि वह केवल FCI के लिए एक सर्विस और इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर कंपनी है। बता दें कि किसान संगठन केंद्र सरकार द्वारा लागू तीन नए कानून, कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) कानून 2020, कृषक (सशक्तीकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार कानून 2020 और आवश्यक वस्तु (संशोधन) कानून 2020 को निरस्त करवाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए वो 26 नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 14 दिनों से डटे हुए हैं।
