- Back to Home »
- International News »
- भारत की मदद करने फिलहाल हमारे हाथ बंधे हुए वैक्सीन को लेकर अमेरिका ने दिखाया भारत को आईना...
Posted by : achhiduniya
20 April 2021
कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को थामने के लिए सरकार जल्द से जल्द सभी को टीका लगाना चाहती है। इसलिए वैक्सीन का उत्पादन भी तेज करना होगा, लेकिन कच्चे माल की कमी इसमें बाधा उत्पन्न कर सकती है। यही वजह है कि भारत ने अमेरिका से कच्चे माल की आपूर्ति पर लगी रोक को हटाने का अनुरोध किया है। कोरोना वैक्सीन के लिए जरूरी कच्चे माल की आपूर्ति पर लगी रोक हटाने के सवाल पर अमेरिका का जवाब आया है। जो बाइडेन प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि यूएस भारत की जरूरतों को
समझता है, लेकिन फिलहाल उसके हाथ बंधे हुए हैं। जब व्हाइट हाउस से इस संबंध में सवाल किया गया, तो प्रेस सेक्रेटरी जैन पास्की ने सीधा जवाब न देते हुए बस इतना कहा कि हम भारत की जरूरतों को समझते हैं। वहीं, कोविड-19 रिस्पांस टीम के वरिष्ठ सलाहकार और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शस डिसीज के डायरेक्टर डॉ एंथनी फौसी ने कहा कि फिलहाल हमारे पास भारत के लिए कुछ नहीं है। डॉ एंथनी फौसी से भारत में कोविशील्ड वैक्सीन तैयार करने वाले सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला की अपील के बारे में पूछा गया था। पूनावाला ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से कच्चे माल के निर्यात के नियमों में ढील देने की गुजारिश की थी, ताकि भारत की जरूरतों को पूरा किया जा सके। इस पर डॉ फौसी ने कहा,फिलहाल हमारे पास पूनावाला की मांग को पूरा करने के लिए कुछ नहीं है। इससे पहले, अमेरिकी सरकार ने स्वीकार किया है कि घरेलू कंपनियों की ओर से पहले अपने नागरिकों को प्राथमिकता दिए जाने संबंधी नीति के तहत ऐसा हुआ है। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू लगातार इस मुद्दे को अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठा रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन को भारत की स्थिति से अवगत कराते हुए कच्चे माल की जल्द से जल्द आपूर्ति करने की मांग की है।

