- Back to Home »
- Agriculture / Nature , Suggestion / Opinion »
- पटाखे जलाने और डीजल बसों को बैन करने का आग्रह किया दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार से
Posted by : achhiduniya
21 October 2023
दिल्ली सरकार ने
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय से पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पटाखे जलाने और
डीजल बसों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया। दिल्ली के पर्यावरण
मंत्री गोपाल राय ने कहा कि केंद्रीय पर्यावरण
मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पर्यावरण मंत्रियों के साथ बैठक
की। राय ने बताया कि बैठक में दिल्ली सरकार ने पूरे एनसीआर में प्रदूषण पर अंकुश
लगाने के लिए कई उपाय सुझाए। इससे पहले, राय ने
केंद्र से सर्दियों के दौरान प्रदूषण से निपटने के लिए सहयोगात्मक रूप से एक कार्य
योजना विकसित करने के वास्ते एनसीआर के सभी राज्यों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया
था।
यादव को लिखे पत्र में राय ने कहा था कि दिल्ली सरकार ने सर्दियों के दौरान
वायु प्रदूषण को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन ये
कदम तब तक प्रभावी नहीं होंगे जब तक हरियाणा, राजस्थान
और यूपी एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण के स्त्रोतों पर ध्यान नहीं देते। दिल्ली के
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि एनसीआर के राज्यों में अनेक औद्योगिक इकाइयां अब भी
प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन का इस्तेमाल कर रही हैं और उन्हें जल्द से जल्द पीएनजी
का उपयोग करना चाहिए। राय के अनुसार एनसीआर के राज्यों में संचालित प्रदूषण फैलाने
वाले ईंट भट्टों को प्रदूषण कम करने के लिए जिग-जैग तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एनसीआर की सभी आवासीय सोसाइटियों को हर समय बिजली उपलब्ध करानी
चाहिए ताकि डीजल जेनरेटरों पर निर्भरता कम हो।
राय ने कहा था कि स्वतंत्र पर्यावरण
विचारक संस्था सेंटर फॉर साइंस एंड एनवॉयरमेंट (सीएसई) की
एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में 31 फीसदी वायू प्रदूषण राष्ट्रीय राजधानी के स्रोतों से उत्पन्न
होता है, जबकि 69 फीसदी प्रदूषण एनसीआर राज्यों के स्रोतों
से उत्पन्न होता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एनसीआर राज्यों को पूरे
क्षेत्र में पटाखों और पराली जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए और केवल सीएनजी
और इलेक्ट्रिक वाहनों को चलने की अनुमति देनी चाहिए। इस बीच, दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने वायु प्रदूषण के प्रभावों
के बारे में जागरूकता बढ़ाने और शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए जनता का
समर्थन मांगने के लिए शुक्रवार को एक दौड़ का आयोजन किया।
राय ने कहा कि दिल्ली
सरकार के अलग-अलग विभागों के अधिकारियों ने रन अगेंस्ट पॉल्यूशन कार्यक्रम में भाग लिया और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नल लाल होने पर वाहन के इंजन बंद करने और स्वच्छ
वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। सरकार शहर में वाहन प्रदूषण से निपटने के लिए रेड
लाइट ऑन गाड़ी ऑफ अभियान फिर से शुरू करने की योजना
बना रही है।
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)