- Back to Home »
- Discussion , Politics »
- चंद्रशेखर आजाद का बड़ता कद भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनौती....
Posted by : achhiduniya
15 June 2024
उत्तर प्रदेश में हालात बदले हुए हैं,लोकसभा चुनाव में
विपक्ष को बड़ी सफलता मिली है। उसमें भी दलित वोटों की बड़ी भूमिका रही है, जिन्हें अब चंद्रशेखर साधना चाहते हैं। मौजूदा स्थिति
में, यह
भाजपा और सपा दोनों गठबंधनों के लिए एक बड़ी चुनौती बनती दिख रही है। आजाद समाज
पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर
आजाद अब उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर
रहे हैं। दरअसल लोकसभा
चुनाव में नगीना सीट से जीतकर नए दलित चेहरे के रूप में उभरे चंद्रशेखर आजाद अब
समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते है। चुनावी आंकड़ों को देखें तो लोकसभा चुनाव के दौरान
एनडीए और
इंडिया' की लड़ाई में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) को छोड़कर
अन्य सभी छोटे दल फिसड्डी साबित हुए हैं, ज्यादातर
अपनी जमानत नहीं बचा पाए। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य सहित अन्य का
प्रदर्शन बेहद खराब रहा,लेकिन चंद्रशेखर आजाद ने न सिर्फ अपनी सीट जीती, बल्कि उनकी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) बसपा से आगे निकल गई है। इससे
उत्साहित चंद्रशेखर विधानसभा उपचुनाव में सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी
कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद फूलपुर, खैर, गाजियाबाद, मझावन, मीरापुर, अयोध्या, करहल, कटेहरी, कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना तय हो
गया है।
इसके अलावा हाल ही में कानपुर के विधायक को सजा होने के बाद वहां भी
उपचुनाव की संभावना बन रही है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील
चित्तौड़ ने बताया कि पार्टी ने विधानसभा उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। सारे
बूथ और सेक्टर कमेटियों को सक्रिय कर दिया गया है। कार्यकर्ताओं में जोश है। समाज के लोग भी चंद्रशेखर
को अपना नेता मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी सीटों पर अकेले लड़ने की तैयारी
है। जहां-जहां चुनाव होने हैं वहां बैठकों का दौर जारी है। प्रदेश स्तर के नेता
माहौल और समीकरण को समझ रहे हैं।


