- Back to Home »
- Agriculture / Nature »
- बर्ड फ्लू,22,808 मुर्गियों, 25,896 अंडों को किया गया नष्ट
Posted by : achhiduniya
29 March 2026
छत्तीसगढ़ के
बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद संक्रमण
रोकने के लिए पशु चिकित्सा विभाग ने क्षेत्र में 22 हजार से अधिक मुर्गियों को मार दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में
बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पशु चिकित्सा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए
संक्रमण फैलने से रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि संयुक्त
संचालक, पशु
चिकित्सा विभाग बिलासपुर के निर्देशन में त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन कर
प्रभावित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण को फैलने से
रोकने के लिए प्रतिक्रिया दल ने संक्रमित और संदिग्ध क्षेत्र में मौजूद शेष बचे
कुल 22,808 मुर्गियों, 25,896 अंडों
और लगभग 79 क्विंटल दाने को वैज्ञानिक विधि से नष्ट कर दिया
है। यह कार्रवाई शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सावधानीपूर्वक की गई।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की सतत निगरानी के लिए जिलाधिकारी
परिसर में बर्ड फ्लू नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है,
जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि
बर्ड फ्लू से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना, संदेह या मृत पक्षियों की जानकारी तत्काल
नियंत्रण कक्ष के लैंडलाइन नंबर पर दें।
पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त संचालक डॉक्टर
जीएस तंवर ने बताया कि जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और पशुपालकों को विशेष
सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। तंवर ने बताया कि पोल्ट्री फार्म की निगरानी
बढ़ा दी गई है और संक्रमण प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा जा रहा
है। उन्होंने बताया कि समय रहते उठाए गए इन कदमों से बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित
करने में मदद मिलेगी और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है,
बल्कि सावधानी और जागरूकता बनाए रखने की
जरूरत है। अधिकारियों ने बताया कि कोनी जिला स्थित पोल्ट्री फार्म में 4400
मुर्गियों को मारे जाने के बाद भोपाल और
पुणे की प्रयोगशालाओं में संक्रमित मुर्गियां के नमूने भेजे गए थे जिनमें बर्ड
फ्लू की पुष्टि हुई थी। जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने
तत्काल प्रभाव से व्यापक नियंत्रण एवं रोकथाम के निर्देश जारी किए हैं।


