- Back to Home »
- Sports »
- पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ नोटिस जारी जाने क्या है पूरा मामला....?
Posted by : achhiduniya
02 March 2026
झारखंड राज्य आवास
बोर्ड ने रांची में एक आवासीय भूखंड के कथित दुरुपयोग के मामले में भारतीय क्रिकेट
टीम के पूर्व कप्तान और खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी को नोटिस जारी किया है। एक
अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। नोटिस के अनुसार, धोनी को आवंटित भूखंड आवासीय उपयोग के लिए था,लेकिन इसका उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए
किया जा रहा है। बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने बताया,झारखंड राज्य आवास बोर्ड द्वारा क्रिकेटर महेंद्र
सिंह धोनी को एक आवासीय भूखंड आवंटित किया गया था, लेकिन पाया गया कि इसका उपयोग व्यावसायिक
उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था। हमने नियमों और मानदंडों के उल्लंघन के
लिए उन्हें नोटिस जारी किया है। झारखंड राज्य आवास बोर्ड के अध्यक्ष पासवान ने
कहा कि नियमों और विनियमों का उल्लंघन जांच के दौरान पाया गया और धोनी को अंतिम
नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी ने बताया कि आदेश का पालन नहीं करने पर भूखंड का
आवंटन रद्द करने के लिये कदम उठाए जाएंगे। धोनी फिलहाल रिंग रोड स्थित अपने नए
आवास में रहते हैं। वह पहले हरमू रोड स्थित आवास में रहते थे। आरोप सामने आए थे कि हरमू रोड स्थित संपत्ति में
एक डायग्नोस्टिक केंद्र संचालित किया जा रहा था, जिसके बाद बोर्ड ने इस मामले की जांच शुरू की। इस
बीच, हरमू रोड पर भाजपा
के राज्य कार्यालय के संबंध में भी आवासीय भूखंडों का गैर-आवासीय उद्देश्यों के
लिए उपयोग किए जाने के इसी प्रकार के आरोप सामने आए हैं। बोर्ड ने इस मामले में भी
पहले नोटिस जारी किए थे। अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में जांच जारी है और
जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। धोनी से इस संबंध में
टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

