- Back to Home »
- Crime / Sex »
- अस्पताल से 12 लाख रुपये कीमत के 323 इंजेक्शन स्टॉक से गायब…
Posted by : achhiduniya
06 April 2026
राजस्थान के
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ स्थित जिला अस्पताल में महंगे ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन
के गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांच समिति की रिपोर्ट ने अस्पताल
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार,
करीब 12 लाख रुपये कीमत के 323 इंजेक्शन स्टॉक से गायब पाए गए हैं,
जिससे चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया
है। जानकारी के मुताबिक,
1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच अस्पताल में कुल 894 ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन की सप्लाई हुई थी।
इनमें से 493 इंजेक्शन
मरीजों के इलाज में उपयोग किए गए, जबकि स्टॉक में केवल 78 इंजेक्शन ही मौजूद मिले। इस हिसाब से 323
इंजेक्शन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला,
जिन्हें अब गायब मानते हुए जांच आगे बढ़ाई
जा रही है। जांच में सामने आया है कि अस्पताल की स्टॉक
मॉनिटरिंग प्रणाली बेहद लापरवाह और कमजोर रही, जिसकी वजह से इतनी बड़ी गड़बड़ी लंबे समय तक पकड़ में नहीं आई।
प्राथमिक जांच में अस्पताल के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा
रही है, जिससे
मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, ये सब पूरी जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। गौरतलब
है कि हाल ही में अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध महिला के पास से 8
ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन बरामद किए गए
थे। इसी घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया और प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद अब पूरे प्रकरण ने बड़ा रूप ले लिया है। अस्पताल के पीएमओ
डॉ. महेंद्र सबलानिया ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और दोषियों
के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अब अस्पताल में अन्य दवाओं के स्टॉक की भी गहन
जांच शुरू कर दी गई है, ताकि किसी और गड़बड़ी का भी खुलासा हो सके।

