- Back to Home »
- Property / Investment »
- भारतीय रेल कर्ज के भंवर में फंस सकती है....... पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी
Posted by : achhiduniya
23 October 2015
पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि मेरा मानना है कि रेलवे गड्ढे में है। संक्षेप में कहूं तो रेलवे एयर इंडिया के रास्ते पर चल पडी है। आप एयर इंडिया के बिना शायद रह लें,पर भारतीय रेलवे के बिना आप नहीं रह सकते। त्रिवेदी ने रेलवे की कमाई में आ रही गिरावट के खिलाफ सावधान करते हुए कहा है कि मौजूदा रेल मंत्री सुरेश प्रभु की कर्ज लेकर काम करने की नीति से भारतीय रेल कर्ज के भंवर में फंस सकती है,जिससे उसकी हालत भी एयर इंडिया जैसी होने का जोखिम है।
रेलवे देश में नौकरी देने वाला सबसे बडा सार्वजनिक उपक्रम है। उन्होंने चेतावनी दी कि आप कर्ज के भंवर में होंगे, पूरी तरह कर्ज के भंवर में। पिछली संप्रग सरकार में सुधारवादी कहे जाने वाला एक रेल बजट पेश करने के बाद त्रिवेदी को रेल मंत्री के पद से हटा दिया गया था। रेलवे द्वारा जीवन बीमा निगम (एलआईसी) सहित बाजार से भारी मात्रा में उधार जुटाने के बारे में त्रिवेदी ने कहा किसी को भी कर्ज लेकर उसे लौटाने पर कुछ समय के लिए रोक रखने का प्रावधान नहीं करना चाहिए।
जब आप एलआईसी से उधार ले रहे हैं और 9 प्रतिशत ब्याज दे रहे हैं, उसमें इस समय रोक होगी, लेकिन स्थगन का समय समाप्त होने के बाद आपको भुगतान करना होगा। त्रिवेदी कहा कि केंद्र सरकार रेलवे और कृषि दोनों क्षेत्रों को नजरंदाज कर रही है। ये दोनों ही क्षेत्र हैं जो कि रोजगार सृजन और सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि में काफी सहायक हैं।


