- Back to Home »
- Crime / Sex »
- न्यायाधीश पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप.....
Posted by : achhiduniya
14 June 2018
पन्ना के अजयगढ़ में पदस्थ एक न्यायाधीश पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप मध्यप्रदेश के रीवा की रहने वाली एक युवती ने लगाया है। पीड़ित युवती का आरोप है कि पहले तो न्यायाधीश ने शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत कृत्य किया और बाद में शादी से मुकर गया। महिला ने न्यायाधीश के खिलाफ पन्ना पुलिस थाना सहित रीवा में भी शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि दोनों ही जगहों पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्यवाई नहीं की गई और न ही जांच-पड़ताल की कोशिश की गई। वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी है और पन्ना पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्यवाई की जाएगी। पीड़ित महिला रीवा की रहने वाली है और रीवा के ही मऊगंज में पटवारी के पद पर पदस्थ है।
महिला का कहना है कि उसके परिवार ने कुछ समय पहले उसका रिश्ता छतरपुर में रहने वाले व पन्ना में पदस्थ एक जज के साथ तय किया था। दोनों का ही रिश्ता दोनों की रजामंदी से तय हुआ था। ऐसे में विवाह तय होने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। जिसके चलते दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी रहा,लेकिन कुछ समय बाद दहेज की बात को लेकर दोनों के परिवारों के बीच मनमुटाव हो गया और रिश्ता टूट गया। रिश्ता तोड़ने के बाद लड़के के परिवार ने दूसरी जगह रिश्ता जोड़ लिया। महिला ने जज पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले तो जज ने उसे शादी की तैयारियों के नाम पर उसे अपने शासकीय निवास बुलाया। वहीं उसने उसके साथ गलत कृत्य किया। बाद में जज के परिवार ने दहेज की मांग करते हुए रिश्ता तोड़ दिया। रिश्ता तोड़ने के कुछ दिनों के अंदर ही परिवार ने 1 करोड़ के लालच में दूसरी जगह रिश्ता जोड़ लिया। पीड़िता ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन पहुंचकर महिला अधिवक्ताओं को भी आवेदन देकर सहायता की मांग की थी।

