- Back to Home »
- Sports »
- भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले रेसलर बजरंग पूनिया को पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई....
Posted by : achhiduniya
19 August 2018
कॉमनवेल्थ गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट भारतीय स्टार रेसलर बजरंग पूनिया ने पुरुषों की 65 किग्रा स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में जापान के ताकातानी दाइचि को 11-8 से हराते हुए 18वें एशियाई खेलों के पहले दिन भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। प्रतियोगिता में यह भारत का पहला गोल्ड मेडल है। गोल्ड मेडल जीतने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बजरंग को बधाई दी है। पूनिया ने एशियन गेम्स-2014 में सिल्वर मेडल जीता था, जिसका रंग वह इस बार बदलने में कामयाब रहे। इससे पहले अपूर्वी चंदेला और रवि कुमार ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था। भारतीय रेसलर ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहले 16 सेकंड में ही 6 पॉइंट जुटा लिए थे, लेकिन जापानी रेसलर ने वापसी की।
एक वक्त दोनों रेसलर 6-6 की बराबरी पर आ गए थे, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा बजरंग ने जापानी रेसलर पर काबू पा लिया। यह मुकाबला बजरंग ने 11-8 से अपने नाम करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। बजरंग ने रविवार को प्री-क्वॉर्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान के पहलवान सिरोजिद्दीन खासानोव को 13-3 से हराया। पहले चरण में बजरंग ने अच्छा दांव लगाया और खासानोव को टैकल करते हुए 6-3 से पीछे कर दिया। दूसरे दौर में भी बजरंग ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर पकड़ बनाए रखी और 9-3 से बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया और 13-3 से जीत हासिल कर क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश किया।

