- Back to Home »
- State News »
- पंजाब सरकार का फैसला मुख्यमंत्री,मंत्रियों,विधायकों और नौकरशाहों के लिए लग्जरी वाहनों को मंजूरी....जनता के 80 करोड़ रुपये होंगे खर्च....
पंजाब सरकार का फैसला मुख्यमंत्री,मंत्रियों,विधायकों और नौकरशाहों के लिए लग्जरी वाहनों को मंजूरी....जनता के 80 करोड़ रुपये होंगे खर्च....
Posted by : achhiduniya
19 October 2018
पंजाब मे मार्च 2017 में अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने राज्य में शिरोमणी अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की गठबंधन सरकार को हराकर सरकार बनायी थी। अमरिंदर सिंह सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार, नशाखोरी और बेरोजगारी दूर करने जैसे वादे करके जनमत हासिल किया था,लेकिन अमरिंदर सरकार पहले डेढ़ साल में अपने वादों को अभी तक पूरा नही कर पा रही वही अब पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और नौकरशाहों के लिए 400 से अधिक लग्जरी वाहनों को मंजूरी प्रदान की है। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन नये वाहनों को खरीदे जाने से राजकोष पर लगभग 80 करोड़ रुपये का भार पड़ने की संभावना है। राज्य विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री ने कहा था कि राज्य पर करीब 1,95,978 करोड़ रुपये का कर्ज है।
परिवहन विभाग के एक आदेश के मुताबिक नियमों के तहत विभाग ने मुख्यमंत्री के लिए दो बुलेट प्रूफ सहित 16 लैंड क्रूजर, उनके कर्मचारियों के लिए 13 महिन्द्रा स्कार्पियो, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारियों (ओएसडी) के लिए 14 मारूति डिजायर/ होंडा अमेज/ इर्टिगा कार को मंजूरी दी है। इसके अलावा अमरिंदर सिंह कैबिनेट के 17 मंत्रियों को टोयाटा फॉर्च्यूनर या टोयाटा क्रिस्टा दिया जाएगा, जबकि विधायकों के लिए 97 टोयाटा क्रिस्टा खरीदे जाएंगे। बीकेयू सहित कृषि संगठनों ने विभाग के आदेश की आलोचना करते हुये कहा है कि इससे राज्य के राजकोष पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार राज्य सरकार ने नये लग्जरी वाहनों के लिए खरीद आर्डर नहीं दिया है।

