- Back to Home »
- State News »
- आप का ऐलान 2019 में लोकसभा चुनाव मोदी के खिलाफ नही लड़ेंगे अरविंद केजरीवाल...
Posted by : achhiduniya
13 January 2019
आम आदमी पार्टी [आप] के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ दिल्ली पर ध्यान देना चाहते हैं,ऐसे में वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। संजय सिंह ने कहा, केजरीवाल ने 2014 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रधानमंत्री पद के तत्कालीन दावेदार नरेंद्र मोदी को वाराणसी सीट पर चुनौती दी थी। पार्टी इस बार वाराणसी में केजरीवाल के बजाय किसी अन्य मजबूत प्रत्याशी को खड़ा करेगी। आप प्रवक्ता ने केजरीवाल द्वारा पिछले दिनों आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट ना दिये जाने सम्बन्धी बयान के बारे में कहा कि उनकी बात को आधे-अधूरे तरीके से पेश किया गया।
केजरीवाल ने दिल्ली की सभा में कहा था कि
भाजपा को हराना है तो कांग्रेस को वोट देकर उसे बर्बाद ना करे। उनका मतलब दिल्ली
प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में था। जहां आम आदमी
पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गौरतलब है कि
केजरीवाल ने वर्ष 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में तत्कालीन
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को नई दिल्ली सीट से हराया था। उसके बाद 2014 के लोकसभा
चुनाव में वह मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़े और दूसरे स्थान पर रहे थे। आप
प्रवक्ता ने बताया, पार्टी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गोवा और चंडीगढ़ की सभी लोकसभा सीटों पर जबकि
उत्तर प्रदेश की कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश के बारे में फरवरी तक
सारी चीजों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
पार्टी वाराणसी के अलावा पूर्वांचल और
पश्चिमांचल की कुछ ऐसी सीटों पर भी चुनाव लड़ेगी, जहां उसका
संगठन मजबूत है। लोकसभा चुनाव में आप के मुद्दों के बारे में संजय सिंह ने बताया
कि दिल्ली में उनकी पार्टी की सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, बिजली, पानी की प्राथमिकताओं पर काम कर रही है। उन्होंने
कहा, अगर हम राष्ट्रीय राजनीति में जाएंगे तो
सभी के लिए शिक्षा, कमजोर तबकों को निःशुल्क शिक्षा, बेरोजगारी खत्म करने और स्वामीनाथन आयोग की
सिफारिशें लागू कराने के मुद्दे लेकर जनता के बीच जाएंगे।


