- Back to Home »
- National News »
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत आने से पहले कही यह बात..पीएम मोदी और ट्रंप का 22 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत आने से पहले कही यह बात..पीएम मोदी और ट्रंप का 22 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो...
Posted by : achhiduniya
23 February 2020
भारत रवाना होने से ठीक पहले ट्रंप ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे मित्र हैं और वह भारत की यात्रा के लिए उत्सुक है।
उन्होंने कहा कि वह काफी समय पहले से भारत आने को लेकर प्रतिबद्ध थे और भारत के लोगों
से मिलने के लिए तत्पर हैं। ट्रंप की यात्रा के मद्देनजर उनके स्वागत के लिए गुजरात
का अहमदाबाद शहर तैयार है। अमेरिकी राष्ट्रपति कल सुबह 11:30 बजे अहमदाबाद
पहुंचेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत दौरे के लिए उड़ान भर चुके हैं। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी
मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर और प्रशासन के वरिष्ठ
अधिकारी भी हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वह रोड शो करेंगे और यहां
के क्रिकेट स्टेडियम में नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम
में संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित करेंगे।
अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां
अमेरिकी राष्ट्रपति की शहर की यात्रा को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने
में जुटी हैं। रोड शो के दौरान ट्रंप साबरमती आश्रम का भी दौरा करेंगे। यहां सारी
तैयारियां कर ली गई हैं। महात्मा गांधी के प्रवास के दौरान देश के स्वतंत्रता
संग्राम में साबरमती आश्रम मुख्य केंद्र था। योजना के मुताबिक अहमदाबाद हवाईअड्डे
पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया जाएगा, जहां से मोदी और ट्रंप 22 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रोड शो
के बाद दोनों नेता शहर के मोटेरा इलाके में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम पहुचेंगे। अधिकारियों का अनुमान है कि रोड शो के मार्ग में
करीब एक लाख लोग जुटेंगे। इस रोड शो को
अहमदाबाद नगर निगम ने इंडिया रोड शो नाम दिया
है। रोड शो को गणमान्य अतिथियों के साथ गुजरात के लोगों के लिए यादगार अनुभव बनाने
की खातिर शहर की निकाय संस्था कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। निकाय संस्था ने रोड शो में प्रस्तुति के लिए
लगभग सभी राज्यों से कलाकारों को आमंत्रित किया है।
रोड शो के बाद मोदी और ट्रंप नमस्ते
ट्रंप कार्यक्रम के लिए मोटेरा के स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां दोनों नेता एक लाख से अधिक लोगों के जनसमूह को संबोधित
करेंगे। मोटेरा में यह क्रिकेट स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है जिसमें
एक लाख दस हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। पुराने स्टेडियम को तोड़कर इसे बिलकुल नया रूप
दिया गया है। पुराने स्टेडियम का निर्माण 1982 में हुआ था जिसमें 49,000 लोगों के
बैठने की व्यवस्था थी। मोदी और ट्रंप के संबोधन से पहले स्टेडियम में एक
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें लोगों के मनोरंजन के लिए जाने
माने गायक कैलाश खेर और अन्य कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। शहर की पुलिस ने
इससे पहले बताया था कि रोड शो और नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में सुरक्षा के मद्देनजर 25 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों
के नेतृत्व में 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को नियुक्त किया जाएगा।


