- Back to Home »
- State News »
- घुसपैठियों पर गरजे मनसे सुप्रीमो राज ठाकरे CAA मुस्लिमों के खिलाफ नहीं, फिर किसे अपनी ताकत दिखा रहे हैं,ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा..
घुसपैठियों पर गरजे मनसे सुप्रीमो राज ठाकरे CAA मुस्लिमों के खिलाफ नहीं, फिर किसे अपनी ताकत दिखा रहे हैं,ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा..
Posted by : achhiduniya
09 February 2020
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे द्वारा निकाले गए मेगा-मार्च में करीब एक लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इसके माध्यम से वह देश में रह रहे पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं। मनसे के शीर्ष नेताओं के साथ ठाकरे ने गिरगांव चौपाटी से मार्च का नेतृत्व किया। यह जगह ऐतिहासिक आजाद मैदान से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर है, जहां उत्साही भीड़ ठाकरे का इंतजार कर रही थी। इसके पहले ठाकरे अपनी पत्नी शर्मिला, बेटे अतिम ठाकरे के साथ शिवाजी पार्क स्थित घर से निकले और सभी ने पहले प्रभादेवी स्थित 220 साल पुराने सिद्धि विनायक मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन कर उनकी आरती की।
इसके बाद गिरगांव चौपाटी की ओर बढ़ने से पहले उन्होंने अपने चाचा व शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के स्मारक के दर्शन किए। मार्च में शामिल होने के लिए पूरे महाराष्ट्र से मनसे कार्यकर्ता सार्वजनिक परिवहन, बसों, निजी वाहन, यहां तक की बाइक से ही शनिवार रात यहां पहुंचने लगे थे। नागरिकता कानून के समर्थन में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि नागरिकता कानून मुस्लिमों के खिलाफ नहीं, फिर किसे अपनी ताकत दिखा रहे हैं। ठाकरे ने प्रदर्शनकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। गिरगांव चौपाटी से लेकर आजाद मैदान तक पूरे मार्ग पर मनसे पार्टी का भगवा झंडा, जिस पर छत्रपति शिवाजी महाराज का शाही मुहर बना हुआ है, लहराता नजर आया।
वहीं कुछ लोगों ने अपने बाजू पर पार्टी के चिह्न वाले बैंड पहन रखे थे, जबकि कुछ ने एक जैसी टी-शर्ट और टोपी पहन रखी थी। शांतिपूर्वक मार्च करते हुए कई लोगों ने देश में गैर-कानूनी रूप से रह रहे घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने के लिए नारा लगाया। क्योंकि उनकी वजह से देश की अर्थव्यवस्था, संसाधन और नौकरियां बंट रही हैं, साथ ही देश की सुरक्षा को भी खतरा है।


