- Back to Home »
- Suggestion / Opinion »
- नाइट कर्फ्यू लगाने का निर्णय राज्य स्वयं करे...केंद्र
Posted by : achhiduniya
02 December 2020
कोरोना वायरस पर काबू पाने को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट के सवाल पर राज्य की दिल्ली सरकार ने कहा कि संक्रमण पर काबू पाने के लिए कुछ नई पाबंदियों पर विचार किया जा रहा है। वहीं नाइट कर्फ्यू को लेकर दिल्ली सरकार ने कहा कि अभी इस पर फैसला नहीं हुआ है,लेकिन इस पर सक्रियता से बात हो रही है। 1 दिसंबर से लागू केंद्रीय गृह मंत्रालय की नई गाइटलाइंस में नाइट कर्फ्यू लगाने को
लेकर राज्य सरकारों को पूरी तरह से छूट दी गई है। नई गाइडलाइन के मुताबिक नाइट कर्फ्यू लगाना है या नहीं यह राज्य सरकारों पर निर्भर होगा। इसके साथ ही इसकी टाइमिंग भी राज्य सरकारें ही तय करेंगी। हालांकि इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि कंटेनमेंट जोन के बाहर लॉकडाउन लगाने के लिए केंद्र से अनुमति लेनी होगी। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 4006 नए मामले सामने आए, जबकि 86 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 5036 लोग कोविड-19 से ठीक भी हुए और अब तक 533351 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दिल्ली में अब तक 574380 संक्रमितों की पुष्टि हुई और 9260 लोगों की मौत हो चुकी है।
