- Back to Home »
- Tours / Travels »
- टोल प्लाजा होंगे खत्म,जीपीएस सिस्टम की मदद से वसूला जाएगा जितना सफर उतना टोल टैक्स...नितिन गडकरी का ऐलान
टोल प्लाजा होंगे खत्म,जीपीएस सिस्टम की मदद से वसूला जाएगा जितना सफर उतना टोल टैक्स...नितिन गडकरी का ऐलान
Posted by : achhiduniya
18 March 2021
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन व जहाज रानी मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में ऐलान
करते हुए कहा है कि सरकार अगले एक साल में सभी टोल प्लाजा खत्म करने की योजना बना
रही है। अब टोल प्लाजा का सारा काम टेक्नोलॉजी के जरिए होगा। गडकरी ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान कई स्थानों पर शहरी
इलाकों के भीतर टोल बनाए गए जो गलत और अन्यायपूर्ण है। इन्हें हटाने का कार्य
एक साल में पूरा हो जायेगा। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदन के सदस्यों गुरजीत औजला, दीपक बैज और कुंवर दानिश अली ने पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह जानकारी उनकी ओर से दी गई। टोल प्लाजा खत्म होंगे,लेकिन टोल देना पड़ेगा। एंट्री पॉइंट पर कैमरा लगा होगा और जीपीएस के माध्यम से जहां से एंट्री किए हैं और जहां तक जाएंगे उतना ही पैसा कटेगा। लोकसभा में अमरोहा से बहुजन समाजवादी पार्टी के सांसद कुंवर दानिश अली ने गढ़ मुक्तेश्वर के पास सड़क पर नगर
निगम की सीमा में टोल प्लाजा होने का मुद्दा उठाया था। दानिश अली के सवाल का जवाब देते हुए नितिन गडकरी ने कहा, पिछली सरकार में सड़क परियोजनाओं के ठेके में थोड़ी और मलाई डालने के लिए ऐसे कई टोल प्लाजा बनाए गए,जो नगर की सीमा पर हैं। यह निश्चित तौर पर गलत है और अन्याय करने वाला है। उन्होंने कहा कि अब गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। जिसकी मदद से टोल शुल्क का भुगतान हो सकेगा और इसके बाद शहर के अंदर इस तरह के टोल की
जरूरत नहीं होगी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 90 फीसदी जमीन अधिग्रहण किए बिना हम परियोजना अवार्ड नहीं करते। जमीन का अधिग्रहण करने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाती है। गडकरी ने दीपक बैज के पूरक प्रश्न के उत्तर में बताया कि रायपुर से विशाखापट्नम के बीच ग्रीन हाईवे को मंजूरी दी गई है। काम शुरू हो चुका है। करीब डेढ़ साल में काम पूरा होने की संभावना है। इससे कई राज्यों के लोगों को फायदा होगा।



