- Back to Home »
- State News »
- परमबीर सिंह की जगह बने हेमंत नगराले मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर....
Posted by : achhiduniya
17 March 2021
महाराष्ट्र राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हेमंत नगराले, सिंह की जगह मुंबई पुलिस के नए आयुक्त होंगे। सिंह का राज्य के होमगार्ड विभाग में तबादला कर दिया
गया है। बुधवार दोपहर राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात करने वाले देशमुख ने ट्विटर के जरिये यह जानकारी दी। इससे पहले सिंह द्वारा सचिन वाजे प्रकरण से निपटने को लेकर मीडिया में चर्चाएं थीं। मुंबई में पुलिस महकमे में शीर्ष स्तर पर यह बदलाव, पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की गिरफ्तारी के बाद आया है। देशमुख ने ट्वीट किया, सरकार का बड़ा फैसला। श्री हेमंत नागराले मुंबई पुलिस के नए आयुक्त होंगे। रजनीश सेठ को महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने लिखा, संजय पांडे को महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम की जिम्मेदारी दी गई है। परमबीर सिंह को होमगार्ड विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महाराष्ट्र सरकार ने यह फैसला राज्य में सत्तारूढ़ शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन की सिलसिलेवार बैठकों के बाद लिया है।

