- Back to Home »
- State News »
- धर्मांतरण रोकने के लिए ‘धर्म स्वतंत्र विधेयक' लाने की तैयारी में छत्तीसगढ़ विष्णुदेव साय सरकार....
Posted by : achhiduniya
15 February 2024
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छत्तीसगढ़ में
धर्मांतरण को लेकर कांग्रेस की सरकार को घेर रही थी। भाजपा का आरोप था कि
छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचल में मिशनरियों के जरिए धर्मांतरण का खेल चल रहा है। हालांकि, इस पर कांग्रेस
पार्टी भी भाजपा को आईना दिखाती रही है। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर पलटवार करते
हुए कांग्रेस ने कहा था कि आरोप लगाने के बजाय प्रदेश में कितने चर्च है और ये
चर्च किसकी सरकार में कितने बने हैं, इस पर
सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। सरकार में आने
के बाद कुछ दिन पहले खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी ईसाई
मिशनरियों पर स्कूल और अस्पताल के ज़रिए धर्मांतरण करने का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में धर्मांतरण कराने वाले मिशनरियों को आड़े
हाथों लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे।
साय ने राजधानी रायपुर में एक निजी शिक्षण
संस्थान के कार्यक्रम में कहा था कि ईसाई मिशनरी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के
क्षेत्र में हावी है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया था कि ये मिशनरी इसकी आड़
में धर्मांतरण ज्यादा करते हैं। उन्होंने कहा था कि जब ये सब रुकेगा, तो हिंदुत्व को ताकत मिलेगी। धर्मांतरण के मुद्दे पर राजनीति करने वाली भाजपा सत्ता में आने के बाद अब धर्मांतरण रोकने के लिए ‘धर्म स्वतंत्र विधेयक' लाने जा रही है। विष्णु देव सरकार में शिक्षा और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने
विधानसभा में इसकी घोषणा की,उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की डेमोग्राफी को बर्बाद
करने के लिए बहुत सारी शक्तियां काम कर रही हैं। ऐसे लोगों के लिए यह कानून लाया
जा रहा है,ताकि वैध
धर्मांतरण के अतिरिक्त जो भी अवैध तरीके से धर्मांतरण किए जा रहे हैं, उन्हें रोका जा सके।