- Back to Home »
- State News »
- मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनल [CST रेलवे स्टेशन] फुटओवर ब्रिज गिरने से हुआ हादसा....
Posted by : achhiduniya
14 March 2019
मुंबई में सीएसटी रेलवे स्टेशन (छत्रपति शिवाजी टर्मिनल) के
उत्तरी छोर के पास बना फुटओवर ब्रिज अचानक गिरा गया। आधिकारिक खबर के मुताबिक इस
हादसे में दो महिलाओं समेत 3 लोगों की मौत हो गई हैं। महिलाओं के नाम रंजना और
अपूर्वा बताए जा रहे हैं। ब्रिज हादसे में
34 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक सीएसटी स्टेशन के प्लैटफॉर्म नंबर 1 और
बीटी लेन के बीच बना एक फुटओवर ब्रिज अचानक गिर गया। इस ब्रिज के गिरने के बाद कई
लोग इसकी चपेट में आकर मलबे में दब गए।
इस हादसे के बाद तत्काल मौके पर पहुंची
रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने आमलोगों की मदद से लोगों को मलबे से
निकालने के काम शुरू किया। एंबुलेंस में
घायलों को अस्पताल भिजवाया जा रहा है. सीएसटी रेलवे स्टेशन के पास बने इस फुटओवर
ब्रिज को बने हुए काफी समय हो गया है। सीएसटी के प्लेटफॉर्म नंबर एक को ये पुल
सड़क से जोड़ता है। इस तरफ बनाया गया ये एकमात्र पुल है जो सेंट्रल रेलवे की ओर से
बनाया गया था और बताया जा रहा है कि पुल पर काफी भीड़भाड़ थी। आशंका है कि फुटओवर
ब्रिज पर करीब 100 लोग मौजूद थे।
फुटओवर
ब्रिज का करीब 60 फीसदी हिस्सा गिर गया है और इसका मलबा सड़क पर जा रही गाड़ियों
पर भी जा गिरा। इस कार्रवाई में एनडीआरएफ, मुंबई पुलिस
और रेलवे पुलिस की टीम को भी मौके पर लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है
कि जिस वक्त यह हादसा हुआ ब्रिज के नीचे बड़ी संख्या में लोग और वाहन मौजूद थे।
ऐसे में इस पुल के मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए
एनडीआरएफ और पुलिस की टीम जल्द से जल्द लोगों को बाहर निकालने के प्रयास कर रही
है।
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक सामने आया है कि 23 में से 5 घायलों की हालत गंभीर
बनी हुई है। शाम साढ़े सात बजे के करीब इस पुल
के गिरने की खबर आई है। ये पुल बीएमसी द्वारा बनाया गया था। लोग लोकल ट्रेन
पकड़ने के लिए इस पुल का इस्तेमाल करते हैं और अचानक ब्रिज के गिरने के बाद वहां
अफरातफरी मच गई।



