- Back to Home »
- Crime / Sex »
- गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी पर हुए हमले के 9 आरोपी पुलिस गिरफ्त में....पत्रकार की हालत नाजुक
Posted by : achhiduniya
21 July 2020
गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी को कुछ हमलावरों ने उनके घर के पास गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय अखबार में काम करने वाले विक्रम जोशी ने अपनी भांजी का उत्पीड़न करने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ 16 जुलाई को विजय नगर पुलिस चौकी में एक शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे जोशी अपनी दो बेटियों के साथ बाइक से विजय नगर स्थित घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी ने पत्रकार के सिर में गोली मार दी और मौके से भाग गए। जोशी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक है। पत्रकार पर हमले के मामले में पुलिस ने अब तक 9
आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी में तीन
संदिग्धों छोटू, आकाश बिहारी और रवि का नाम है। इसके अलावा
प्राथमिकी में कुछ अज्ञात लोगों का भी जिक्र है। छोटू और रवि को गिरफ्तार कर लिया
गया है,जबकि आकाश को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मामले पर पुलिस की छह
टीमें काम कर रही हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस मामले के सबूतों
के आधार पर मोहित, दलबीर, आकाश, योगेंद्र, अभिषेक और शाकिर को गिरफ्तार
कर चुकी है। इसके अलावा चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है।