- Back to Home »
- State News »
- स्वास्थ्य विभाग नागरिकों से शिष्टाचार से पेश आएं..स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे की चेतावनी...
Posted by : achhiduniya
01 January 2021
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में कोरोना के
मरीजों की संख्या नियंत्रण में आ रही है। अब स्वास्थ्य विभाग गैर कोरोना (नॉन
कोविड) मरीजों की सेवा पर ध्यान दे। सेवा का स्तर बढ़ाते हुए नागरिकों से
शिष्टाचार से पेश आएं। टोपे ने कहा कि इधर कुछ दिनों से मोतियाबिंद का ऑपरेशन
प्रलंबित है। इसलिए अब मोतियाबिंद ऑपरेशन तत्काल शुरू करें। मोबाइल सर्जिकल यूनिट
शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला मशीनरी स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता और
भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे। टोपे ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों
के अधूरे निर्माण कार्य पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। इस दौरान टोपे ने स्वास्थ्य
विभाग के रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया जनवरी महीने के आखिर तक पूरा करने के
निर्देश दिए हैं। गुरुवार को टोपे ने स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों पर भर्ती को
गति देने के लिए समीक्षा बैठक की। इसमें विभागीय आयुक्त, पिछड़ा वर्ग कक्ष अधिकारी, स्वास्थ्य
उपनिदेशक, जिला शल्य चिकित्सक और जिला स्वास्थ्य अधिकारी वीडियो
कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। टोपे ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के
कामकाज के मूल्यांकन के लिए कार्य प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का राष्ट्रीय कार्यक्रम अधिक प्रभावी रूप से लागू करने
की जरूरत है। राज्य और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की निगरानी के लिए प्रणाली
तैयार करें। टोपे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी लोगों तक
पहुंचाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायतों और गांव के मुख्य चौराहे पर सूचना बोर्ड
लगाया जाए। महात्मा जोतिबा फुले जनस्वास्थ्य योजना का प्रभावी प्रचार-प्रसार करें।
जिला शल्य चिकित्सक इस योजना में प्रत्येक तहसील के एक अस्पताल को शामिल करने के
लिए प्रयास करें।


