- Back to Home »
- Religion / Social »
- मौनी अमावस्या पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूजा-पाठ कर संगम में लगाई डुबकी...
Posted by : achhiduniya
11 February 2021
प्रयागराज में संगम तट पर आज माघ मेले का तीसरा स्नान पर्व है।
मौनी अमावस्या के मौके पर आधी रात के बाद से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी
गई। कोरोना गाइडलाइन के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। कांग्रेस
महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर प्रयागराज पहुंचीं
हैं। वह सबसे पहले नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन पहुंची। जहां अपने
परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन
अर्पित किए। प्रियंका गांधी ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ भी कुछ
पल बिताए। यहां वह एक बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आईं। मौनी अमावस्या के पर्व पर
प्रियंका ने संगम में डुबकी लगाई। स्नान और पूजा-पाठ के बाद उन्होंने नाव की सैर
भी की। नाव पर बैठीं तो कुछ देर बाद वह खुद चलाने लगीं। इसका वीडियो भी सामने आया
है, जिसमें वह दोनों हाथों से नाव चलाती दिख रही हैं। इस दौरान
स्नान को आए लोग और आसपास नाव से सैर करने वाले कुछ पल के लिए ठहर कर तस्वीरें
लेने लगे। संगम में हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद वह सड़क मार्ग से छतनाग
होते हुए दुमदुमा घाट गई थीं। दुमदुमा घाट, कौडिहार
तक गंगा के रास्ते स्टीमर से गई थीं। उन्होंने पुलवामा में शहीद महेशराज यादव के
परिजनों से मुलाकात भी की थी। इसके बाद वह गंगा के रास्ते कौड़िहार से सीतामढ़ी तक
स्टीमर गई थीं। गौरतलब है की उत्तर प्रदेश में 2022 में
होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी के दौरे बढ़े हैं। एक दिन पहले
वह किसान पंचायत में शामिल हुई थीं। पिछले साल लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की
शुरुआत प्रियंका गांधी ने गंगा यात्रा से की थी। 17 मार्च 2019 को प्रियंका ने प्रयागराज से जल यात्रा निकाली थी।


